नयी दिल्ली 24 सितम्बर (वार्ता) सरकार ने रक्षा क्षेत्र से संबंधित एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल अगले वर्ष 30 मई तक बढा दिया।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार देर रात बताया कि केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति मामलों की समिति ने जनरल चौहान का कार्यकाल बढाने से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
जनरल चौहान 30 मई 2026 तक या अगले आदेश तक सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में कार्य करेंगे। उन्हें देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत की एक दुर्घटना में मौत के बाद 28 सितंबर 2022 को सीडीएस नियुक्त किया गया था।
जनरल चौहान 1981 में भारतीय सेना में शामिल हुए थे और प्रमुख कमांड और स्टाफ नियुक्तियों के साथ उनका एक विशिष्ट और शानदार करियर रहा है। जनरल चौहान को भारतीय सेना के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।
जनरल चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीनों सेनाओं के बीच समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने तीनों सेनाओं के एकीकरण की दिशा में जनरल रावत के कार्य को काफी मजबूती के साथ आगे बढाया है और इसमें उनका अच्छा योगदान रहा है।
