
जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में एक जूनियर डॉक्टर ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। यह दर्दनाक घटना कॉलेज परिसर स्थित नंबर 4 हॉस्टल की है, जहां एमबीबीएस के छात्र शिवांश गुप्ता ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते खुद को नीचे फेंक दिया। छात्र के गिरते ही परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद छात्र और कॉलेज स्टाफ तुरंत घायल छात्र को उठाकर कॉलेज की कैजुअल्टी वार्ड में लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल इलाज मुहैया कराया। बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान छात्र को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
