भोपाल:राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मक्का बीज की कालाबाज़ारी, अमानक बीजों की बिक्री और उचित बिल न दिए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पत्र में हरदा जिले के ग्राम भोखेड़ी निवासी केदार सिरोही की शिकायत का हवाला दिया गया है, जिसमें किसानों को मक्का बीज की खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं और अनियमितताओं पर चिंता जताई गई है।
शिकायत में बताया गया कि बीज खरीद के दौरान कई स्थानों पर अमानक बीज बेचे जा रहे हैं और किसानों को उचित मूल्य का बिल भी नहीं दिया जा रहा है।दिग्विजय सिंह ने खरीफ सीजन के दौरान मक्का बीज की जमाखोरी रोकने, बीज वितरण केंद्रों की नियमित जांच कराने और बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर शीघ्र जांच कराकर किसानों को राहत दी जाए।
