अहमदाबाद | अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने 34वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में घोषणा की कि समूह ने वित्त वर्ष 2025-26 में हार्ड इंफ्रास्ट्रक्चर में 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। यह राशि निजी क्षेत्र के कुल नए निवेश का 30 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने इसे केवल एक वित्तीय उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की विकास क्षमता और भविष्य के प्रति अटूट भरोसे का प्रतीक बताया।
चुनौतियों के बीच अडिग अदाणी
शेयरधारकों को संबोधित करते हुए अदाणी ने कहा कि पिछला साल समूह के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा, जिसमें उन्हें कड़ी जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ा। उन्होंने दृढ़तापूर्वक कहा, “हम झुके नहीं और न ही रुके।” उन्होंने स्पष्ट किया कि समूह का ध्यान बाहरी शोर या आलोचनाओं पर नहीं, बल्कि राष्ट्र-निर्माण के अपने स्पष्ट लक्ष्यों पर केंद्रित है, जो उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
निवेशकों के भरोसे की जीत
गौतम अदाणी ने इस वर्ष लाए गए 25,000 करोड़ रुपये के राइट्स इश्यू को अपनी विश्वसनीयता पर एक ‘जनमत संग्रह’ करार दिया। उन्होंने निवेशकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब कुछ लोग समूह पर संदेह पैदा करने की कोशिश कर रहे थे, तब शेयरधारकों ने भारी भागीदारी के साथ अपना विश्वास जताया और उन्हें भारत के निर्माण कार्य को निर्बाध रूप से जारी रखने का जनादेश दिया।

