इंदौर:आईडीए विभिन्न योजनाओं में 90 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य करेगा. आईडीए द्वारा अपनी विभिन्न योजनाओं में 261 करोड़ रुपए की संपत्ति बेचने के टेंडर बुलाएगा. साथ ही शहर के तीन प्रमुख चौराहों पर फ्लाई ओवर ब्रिज के फिजिबिलिटी सर्वे के टेंडर जारी करेगा. उक्त निर्णय संभाग आयुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में आईडीए बोर्ड बैठक में लिए गए है. जिसमें कलेक्टर आशीष सिंह और निगमायुक्त शिवम वर्मा उपस्थित थे.
महत्वपूर्ण निर्णय में मुख्य रूप से योजना 155, 103 सहित विभिन्न योजनाओं में 600 फ्लैट, योजना 134 में सीनियर सिटीजन बिल्डिंग की सहित कई योजनाओं की 60 दुकानें और 24 प्लॉट बेचने के टेंडर बुलाने की स्वीकृति दी गई है. आईडीए 166, 151,169 बी सहित विभिन्न योजनाओं में पानी की टंकी, और अन्य विकास कार्य करने के लिए 90 करोड़ रुपए के टेंडर बुलाएगा. बैठक में मालवा मिल से पाटनीपुरा, वाव होटल तक एलिवेटेड कॉरिडोर, रसोमा और रोबोट चौराहे पर फ्लाई ओवर ब्रिज बनाने के लिए फिजीबिलिटी सर्वे के टेंडर जारी करने का निर्णय लिया गया है.
