नयी दिल्ली, 30 मई (वाता) इस्पात क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आर्सेलर मित्तल निप्पोन स्टील इंडिया (एएम/एनएस इंडिया) ने मेक इन इंडिया के तहत निर्मित जंगरोधी पेंटेंटेड ऑप्टिगल प्राइम और ऑप्टिगल पिन्नाकल नामक दो उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद लॉन्च किए जिसका उपयोग आधुनिक हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, राजमार्गों और बड़े भवन परियोजनाओं जैसे उच्च स्तरीय निर्माण कार्यों में किया जा सकता है। इन उत्पादों पर क्रमश: 15 और 25 वर्ष की वारंटी मिलेगी।
कंपनी के निदेशक और सेल्स एवं मार्केटिंग के उपाध्यक्ष रंजन धर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में इन दोनों नये उत्पादों को लाँच करते हुये कहा कि आर्सेलर मित्तल यूरोप के बाहर पहली बार इन पेटेंटेड उत्पादों को पेश कर रही है। कंपनी ने पहली बार भारतीय बाजार में यूरोपीय मानकों वाले अत्यधिक जंग प्रतिरोधी इस्पात को पेश किया है, जिसका उपयोग आधुनिक हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, राजमार्गों और बड़े भवन परियोजनाओं जैसे उच्च स्तरीय निर्माण कार्यों में किया जा सकता है। कंपनी ने सी4 ग्रेड के उच्च गुणवत्ता वाले विशेष इस्पात के क्षेत्र में एक नई श्रेणी की शुरुआत की है, जो अब तक भारत में उपलब्ध नहीं थी और जिसमें कंपनी देश की एकमात्र घरेलू उत्पादक कंपनी के रूप में उभर कर सामने आई है।
उन्होंने कहा कि यह उत्पाद प्रधानमंत्री के 20247 तक विकसित भारत के आह्वान को समर्थन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी का लक्ष्य इस विशेष इस्पात क्षेत्र में प्रमुख हिस्सेदारी प्राप्त करना और आने वाले 2-3 वर्षों में संपूर्ण कलर कोटेड इस्पात क्षेत्र में 25 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करना है। भारत में कलर कोटेड इस्पात का बाजार वर्तमान में लगभग 34 लाख टन का है और यह प्रतिवर्ष लगभग 10 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। ऑप्टिगल के दो नए विशेष वेरिएंट के जुड़ने से कंपनी अपने लक्ष्यों की ओर तेज़ी से अग्रसर होगी।
श्री धर ने कहा कि कहा कि ऑप्टिगल प्राइम, जो शहरी और मध्यम स्तर के जंग-प्रवण वातावरण के लिए उपयुक्त है, 15 वर्षों की वारंटी के साथ आता है। यह सिलिकॉन मॉडिफाइड पॉलिएस्टर (एस एम पी), सुपर ड्यूरेबल पॉलिएस्टर (एस डी पी) और पी वी डी एफ जैसी उन्नत फिनिश में उपलब्ध है और छत, दीवार परत (क्लैडिंग) एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए आदर्श विकल्प है। ऑप्टिगल पिन्नाकल, इस श्रृंखला का सर्वोत्तम वेरिएंट है, जिसे औद्योगिक और तटीय क्षेत्रों जैसी कठिन परिस्थितियों के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह 25 वर्षों की वारंटी के साथ आता है और इसमें पीयू/पीए कोटिंग का प्रयोग किया गया है, जो नमी, यूवी किरणों और अत्यधिक तापमान से बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है। इससे यह हवाई अड्डों, गोदामों और समुद्र के सामने स्थित इमारतों के लिए उपयुक्त बनता है।
उन्होंने कहा कि ऑप्टिगल प्राइम और ऑप्टिगल पिन्नाकल का शुभारंभ हमारी गुणवत्ता, स्थायित्व और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जैसे-जैसे भारत निर्माण और अवसंरचना के क्षेत्र में ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है, हम गर्व के साथ विश्वस्तरीय इस्पात समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं जो विभिन्न जलवायु में औद्योगिक आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। यह हमारी ‘स्मार्टर स्टील्स, ब्राइटर फ्यूचर्स’ की ब्रांड प्रतिबद्धता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।”
श्री धर ने कहा कि इन दोनों उत्पादों के छह विशेष वेरिएंट हाई ग्लॉस, एंटी-डस्ट, एंटी-ग्रैफिटी, एंटी-स्टैटिक, एंटी-माइक्रोबियल और कूल रूफ उपलब्ध होंगे, जो भारत के तीव्र गति से बढ़ते निर्माण और अवसंरचना क्षेत्रों की विविध आवश्यकताओं को पूरा करेंगे। ये वेरिएंट जिंक-एल्युमिनियम-मैग्नीशियम तकनीक से तैयार किए गए हैं, जो पारंपरिक कोटिंग्स की तुलना में तीन गुना बेहतर संरक्षण और मौसम प्रतिरोध प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अंतर्गत विकसित किए गए ये उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल हैं। इनमें कम वाष्पशील कार्बनिक यौगिक उत्सर्जन है, कोई भारी धातु या हेक्सावेलेंट क्रोमियम नहीं है और ये पूरी तरह से रिसाइकल हैं, जिससे ये सतत और भविष्य-उन्मुख निर्माण के लिए उपयुक्त हैं। ये उत्पाद सरकार के उत्पादन लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत है और इसका उत्पादन कंपनी की पुणे स्थित अत्याधुनिक सुविधा में हो रहा है। वर्तमान में कंपनी की कलर कोटेड इस्पात उत्पादन क्षमता लगभग सात लाख टन वार्षिक है, जिसे शीघ्र ही 10 लाख टन तक बढ़ाने की योजना है।

