नयी दिल्ली 30 मई (वार्ता) ड्रीम यूटीटी जूनियर्स टेबल टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन पुणे जगुआर, कोलकाता थंडरब्लेड्स और जयपुर पैट्रियट्स ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
जगुआर के अथर्व नवरंग ने लड़कों के एकल मुकाबले में प्रतीक तुलसानी के खिलाफ पहला मैच 2-1 (11-8, 11-10, 9-11) से जीतकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद यू मुंबा ने मिश्रित युगल मुकाबला में 2-1 से जीत दर्ज करके वापसी की। प्रतीक और अनन्या मुरलीधरन की जोड़ी ने अथर्व और तुष्टि सूद (11-6, 8-10, 11-6) को हराया।
लड़कियों के एकल वर्ग के रोमांचक मुकाबले में जगुआर की तुष्टि ने अनन्या के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले में 2-1 (11-10, 7-11, 11-10) से जीत हासिल की और अपनी टीम को नाटकीय जीत दिलाई।
दूसरे मुकाबले में, कोलकाता थंडरब्लेड्स ने अहमदाबाद एसजी पाइपर्स पर 5-4 से जीत दर्ज की। कोलकाता के रित्विक गुप्ता ने लड़कों के एकल वर्ग के मुकाबले में अभिक कश्यप को 3-0 (11-9, 11-6, 11-3) से हराया। मिश्रित युगल मुकाबले में अहमदाबाद विजयी हुआ, जब अभिक और मौबोनी चटर्जी ने रित्विक और स्वरा करमाकर के खिलाफ 2-1 (11-7, 11-6, 10-11) से जीत हासिल की। लड़कियों के एकल वर्ग में मौबोनी ने स्वरा को 2-1 (11-9, 8-11, 11-5) से हराया।
दिन के तीसरे मुकाबले में जयपुर पैट्रियट्स ने दबंग दिल्ली को 6-3 से हराया। लड़कों के एकल मुकाबले में पैट्रियट्स के त्रिशाल सुरपुरेड्डी को आकाश राजावेलु के खिलाफ 1-2 (9-11, 11-9, 7-11) से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन जयपुर की टीम ने मिश्रित युगल मैच में 2-1 (11-4, 11-9, 8-11) की जीत के साथ शानदार वापसी की। त्रिशाल और श्रेया धर ने आकाश और धानी जैन को हराया। इसके बाद लड़कियों के एकल मुकाबले में श्रेया ने धानी को 3-0 (11-10, 11-10, 11-1) से हराकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

