कल से शुरू होगा ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’

नयी दिल्ली 28 मई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को ओडिशा के पुरी से विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत करेंगे।

श्री चौहान ने बुधवार को यहां इस अभियान की की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि इस दौरान किसानों की खेती से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान होगा तथा इसके परिणाम के आधार पर कृषि शोध का रास्ता भी तय होगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की यह ऐतिहासिक पहल, वैज्ञानिक नवाचार और जमीनी स्तर पर भागीदारी से भारतीय कृषि को बदलने तथा देश के खाद्य भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस कदम है। इस 15 दिवसीय अभियान के दौरान श्री चौहान लगभग 20 राज्यों की यात्रा करेंगे। इस मिशन को साकार करने में राज्य सरकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी ।

श्री चौहान ने कहा कि कल से एक व्यापक अभियान शुरू हो रहा है। ‘लैब टू लैंड’ को जोड़ने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक अभियान पर निकलेंगे। इसके लिए 16 हजार वैज्ञानिकों की 4-4 टीमें बनी हैं, जो गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद करेंगी। इसके अलावा 2170 टीमें संपर्क करेंगी। एक दिन में एक टीम दो गांवों में जाएंगी। यह अभियान 15 दिन तक चलेगा और किसानों के बीच बैठकर सीधा संवाद होगा।

यह अभियान 29 मई से 12 जून, 2025 तक 700 से अधिक जिलों में आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में 731 केवीके, 113 आईसीएआर संस्थान, राज्य स्तरीय विभाग तथा कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन के अधिकारी तथा नवोन्मेषी किसान शामिल होंगे।

Next Post

असम में ‘फर्जी मुठभेड़ों’ की स्वतंत्र जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट का निर्देश

Wed May 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने असम में फर्जी पुलिस मुठभेड़ों के आरोपों की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच करने के लिए बुधवार को असम मानवाधिकार आयोग (एएचआरसी) को निर्देश दिया। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की अंशकालीन कार्य दिवस पीठ ने नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा […]

You May Like

मनोरंजन