बिहार विधानसभा चुनाव में हुई बड़ी धांधली, ‘वोट चोरी’ से जीता गया चुनाव : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस की बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर गुरुवार को यहां उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई जिसमें व्यापक चर्चा के बाद तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष निकाला गया कि चुनाव में जबरदस्त धांधली हुई है और ‘वोट चोरी’ करके चुनाव जीत गया है जिसके खिलाफ पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने बैठक के बाद देर रात यहां एक बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की करीब चार घंटे तक समीक्षा बैठक हुई जिसमें यह स्पष्ट राय बनी कि बिहार के चुनाव परिणाम वास्तविक जनादेश नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और मनगढ़ंत परिणाम था।

उन्होंने बताया कि कैसे चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर लक्षित मतदाताओं के नाम हटाए और संदिग्ध नाम जोड़े। पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (एमएमआरवाई) के तहत खुलेआम नकद रिश्वत दी गई और मतदान केंद्रों पर भी इसी तरह मतदाताओं को प्रभावित किया गया। पार्टी ने कहा कि सभी निर्वाचन क्षेत्रों में ऐसा पैटर्न उजागर हुआ जिसे कोई भी स्वतंत्र चुनाव आयोग कभी भी नज़रअंदाज़ नहीं करेगा।

श्री वेणुगोपाल ने कहा “ये मुद्दे संगठित चुनावी कदाचार और आदर्श आचार संहिता के खुलेआम उल्लंघन की ओर इशारा करते हैं, जो चुनाव आयोग की निगरानी में हुए और भाजपा की चुनावी धांधली में इस तरह की गतिविधियां सक्रियता से चलती रही। बिहार में जो हुआ वह लोकतंत्र पर सीधे हमले से कम नहीं है। कांग्रेस इस चुराए हुए जनादेश को नयी सामान्य स्थिति के रूप में स्वीकार नहीं करेगी और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई जारी रखेगी। जनता निडर होकर हमारे साथ खड़ी है।”

Next Post

जनसम्पर्क विभाग में कलमबंद हड़ताल, आयुक्त के आश्वासन के बाद स्थगित

Thu Nov 27 , 2025
भोपाल। नर्मदापुरम संभाग में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा (2012) के अधिकारी उपायुक्त राजस्व गणेश कुमार जायसवाल को अपर संचालक जनसम्पर्क संचालनालय भोपाल में पदस्थ करने के विरोध में आज जनसम्पर्क विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने कलमबंद हड़ताल की। इस संबंध में आज आयुक्त जनसम्पर्क के साथ तीन सत्रों में बैठकों […]

You May Like