जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अब जल्द ही मेडिकल की पढ़ाई शुरू होने वाली है। इसके लिए नए सत्र में दो नए पाठ्यक्रम नर्सिंग और पैरामेडिकल कोर्स शुरू होंगे। जानकारी के अनुसार नर्सिंग कॉलेज में हुई अनियमितताओं के बाद इन दो पाठ्यक्रमों को मेडिकल यूनिवर्सिटी से अलग कर दिया गया है। जिसके बाद अब रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय इनसे संबद्धता और परीक्षाओं का संचालन करने वाली है।
उल्लेखनीय है कि सत्र 2025-26 से कॉलेजों को मध्य प्रदेश अधिनियम-1973 के तहत किसी सरकारी यूनिवर्सिटी से संबद्धता लेना अनिवार्य होगा। इसके बिना कोई भी नया प्रवेश मान्य नहीं होगा। जिसके बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय कॉलेजों की मध्य प्रदेश नर्सिंग काउंसिल और पैरामेडिकल काउंसिल से मान्यता सुनिश्चित करने के बाद ही संबद्धता देगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यूनिवर्सिटी को 1 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों को मान्यता देनी होगी। प्रवेश परीक्षा 15 से 31 जुलाई के बीच होगी। काउंसलिंग 1 अगस्त से 15 अक्टूबर तक चलेगी। सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन होंगी। जिसके बाद नियमित कक्षाएं 1 नवंबर से शुरू होंगी।
