
सिंगरौली। जिला मुख्यालय से तकरीबन 10 किलोमीटर दूर स्थित नौगई-गड़हरा मुख्य मार्ग पर आज दिन शनिवार की सुबह तकरीबन 11 बजे बारात से वापस आ रही पिकअप वाहन बोलेरो को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया है। इस घटना में दो दर्जन से ऊपर बाराती घायल हो गये। घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां घायलों का इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार भवरखोह से बारात फुलझर गांव गई थी। फुलझर से बारात वापस भवरखोह जा रही थी। पिकअप वाहन में तकरीबन 30 से 35 बाराती सवार थे। जैसे ही पिकअप गड़हरा गांव पहुंची तो बैढ़न के तरफ से एक बोलेरो वाहन जा रहा था पिकअप चालक बोलेरो वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया। जिससे पिकअप वाहन सड़क से खेत में पहुंच गया। इसी दौरान पिकअप वाहन का पिछला टायर बोल गया और पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में सवार बाराती पुष्पेन्द्र सिंह गोड़ पिता केवल सिंह गोड़ उम्र 14 वर्ष, रामप्रताप सिंह गोड़ पिता कपिलदेव सिंह गोड़ उम्र 15 वर्ष, पन्नेलाल पिता मानसिंह उम्र 60 वर्ष , प्रिंस सिंह पिता बालकराम सिंह उम्र 14 वर्ष, धनराज सिंह पिता महावीर सिंह उम्र 13 वर्ष, धर्मेन्द्र सिंह पिता अनिल सिंह उम्र 15 वर्ष सभी निवासी भवरखोह और सहदेव सिंह पिता जगनारायण सिंह उम्र 18 वर्ष निवासी बिहारपुर सहित दो दर्जन से ऊपर बाराती घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने उक्त घटना की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। जहां मौके पर एम्बुलेंस पहुंच कर घायलो को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
