
रीवा।जिले में परिवहन विभाग, की टीम ने अनधिकृत और नियम-विरुद्ध वाहनों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया. इस अभियान में दो बिना परमिट बसों सहित 20 अन्य बसों पर बड़ी चालानी कार्रवाई की गई, जिससे यात्री सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 13 मई से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत, रीवा प्रयागराज, हनुमान सीधी गोविंदगढ़ सिरमौर मार्ग पर वाहनों की गहन जांच की गई. जांच के दौरान पाया गया कि दो यात्री बसें बिना वैध परमिट के संचालित हो रही थीं, जो मोटरयान अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है. इसके अलावा, 20 अन्य बसों में विभिन्न अनियमितताएं जैसे फिटनेस से संबंधित जुडे सुरक्षा मानको, और सुरक्षा मानकों का पालन न करना पाया गया. परिवहन विभाग ने इन सभी वाहनों के खिलाफ चालान अधिरोपित किए, जिससे 63500 रुपये का राजस्व भी वसूला गया. जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर लगाम लगाना है. उन्होंने कहा, बिना परमिट और अनफिट वाहनों का संचालन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह यात्रियों की जान को भी खतरे में डालता है. परिवहन विभाग ने स्कूल बसों और अन्य यात्री वाहनों के लिए भी नियमित जांच की घोषणा की है, जिसमें सीसीटीवी, जीपीएस, स्पीड गवर्नर, और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यह अभियान न केवल परिवहन नियमों के पालन को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि यात्रियों में भी सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूकता पैदा कर रहा है.
