नई दिल्ली, (वार्ता) दुपहिया वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसएमआईपीएल) ने हरियाणा के आईएमटी खरखौदा में अपने दूसरे विनिर्माण संयंत्र की नींव रखी है।
कंपनी ने मंगलवार को यहां बयान जारी कर बताया कि यह संयंत्र 100 एकड़ क्षेत्र में फैला होगा, जिसमें से 25 एकड़ में उत्पादन कार्य और लगभग इतनी ही जमीन हरित क्षेत्र के रूप में विकसित की जाएगी। पहले चरण में 1200 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह संयंत्र वर्ष 2027 से परिचालन शुरू करेगा। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 7.5 लाख दुपहिया वाहन होगी। संयंत्र के शुरू होने पर लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर एसएमआईपीएल के प्रबंध निदेशक केनिची उमेदा, सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन जापान के वरिष्ठ अधिकारी ताकाशी इसे और सुयोशी तनाका, जापानी दूतावास की मंत्री क्योको होकुगो और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कंपनी का कहना है कि यह निवेश न केवल भारत में बढ़ती मांग को पूरा करने की रणनीति का हिस्सा है बल्कि स्थानीय विकास, रोजगार निर्माण और सरकार के औद्योगिक प्रगति के विजन में सहयोग देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। संयंत्र में आधुनिक ऑटोमेशन और ऊर्जा-कुशल तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जो सुजुकी के वैश्विक कार्बन न्यूट्रलिटी और स्थायी विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा।
श्री उमेदा ने कहा, “यह संयंत्र सिर्फ निर्माण केंद्र नहीं बल्कि क्षेत्रीय विकास, बेहतर ग्राहक सेवा, मजबूत डीलर सहयोग और सप्लायर नेटवर्क को सशक्त करने का आधार बनेगा। यह परियोजना भारत में कंपनी के ब्रांड विस्तार के साथ-साथ समुदाय के साथ गहरे संबंधों को दर्शाती है।
