दुबई 15 दिसंबर (वार्ता) गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद जवाद अबरार (नाबाद 70) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत बंगलादेश ने सोमवार को अंडर-19 एशिया कप ग्रुप बी मुकाबले में नेपाल को 151 गेंदे शेष रहते सात विकेट से हरा दिया। आज यहां बंगलादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बंगलादेश के गेंदबाजी आक्रमण के आगे बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की पूरी टीम 31.1 ओवर में 130 के स्कोर पर सिमट गई। अभिषेक तिवारी ने नेपाल के लिए सर्वाधिक 30 रनों की पारी खेली। आशीष लुहा (23), सहिल पटेल (18) और नीरज कुमार यादव (14) नेपाल के शीर्ष स्कोरर रहे। नेपाल के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। बंगलादेश के लिए एम सोबुज ने तीन विकेट लिये। साद इस्लाम, शहरयार अहमद और अजीजुल हकीम को दो-दो विकेट मिले। शहरिया अल-अमीन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बंगलादेश ने 24.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही उसने 29 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। रिफत बेग (पांच) और कप्तान अजीज़ुल हकीम (एक) रन बनाकर आउट हुये। ऐसे संकट के समय कलाम सिद्दीकी ने अबरार के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई। 23वें ओवर में युवराज खत्री ने कलाम सिद्दीकी (35) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। जवाद अबरार ने 68 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 70) रनों की पारी खेली। रिजान हसन 12 रन बनाकर नाबाद रहे। नेपाल के लिए युवराज खत्री और अभिषेक तिवारी ने एक-एक विकेट लिये।

