प्रीति पाल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय दल की होगी ध्वजवाहक

नयी दिल्ली 22 सितंबर (वार्ता) भारत की पैरा-एथलीट और पेरिस पैरालंपिक 2024 में दोहरा कांस्य पदक जीतने वाली प्रीति पाल को आगामी इंडियनऑयल नयी दिल्ली विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारतीय दल की आधिकारिक तौर पर ध्वजवाहक नियुक्त किया गया है।

सेरेब्रल पाल्सी से जूझने से लेकर पैरा-एथलेटिक्स में देश के सबसे चमकते सितारों में से एक बनने तक का उनका सफर दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता का प्रतीक है। प्रीति ने अपनी अथक भावना और समर्पण से सभी बाधाओं को पार किया है। 100 मीटर में 14.21 सेकंड और 200 मीटर टी35 स्प्रिंट श्रेणियों में 30.01 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ उन्होंने पेरिस में दो ऐतिहासिक कांस्य पदक जीते।

27 सितंबर से पांच अक्टूबर तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के शीर्ष एथलीटों और वैश्विक सितारे प्रदर्शन करने उतरेंगे।

अगली पीढ़ी के पैरा-एथलीटों के लिए प्रेरणास्रोत प्रीति ने कहा, “यह सफर कड़ी मेहनत और समर्पण का रहा है। जहां एक ओर विशेषज्ञ कोचिंग ने मुझे तकनीकी रूप से मार्गदर्शन दिया है, वहीं साई और टॉप्स का सहयोग मेरे लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आया है, जिसने मुझे उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए आवश्यक सुविधाए, उपकरण और वित्तीय सहायता प्रदान की है। मेरा दैनिक प्रशिक्षण गहन है और मैं अपने प्रदर्शन के हर पहलू को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करती हूं। यह क्षण न केवल मेरी यात्रा की पहचान है, बल्कि लचीलेपन और टीम वर्क का प्रमाण भी है। मेरा लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना और भारत को और अधिक गौरव दिलाना है। मेरा हर कदम उन लोगों के लिए है जो मुझ पर विश्वास करते हैं और उन लोगों के लिए जो चुनौतियों के बावजूद सपने देखने का साहस रखते हैं।”

 

 

Next Post

लडक़े की चाहत में दादी ने 4 महीने की दुधमुंही पोती की हत्या कर लाश कुएं में फेंकी

Mon Sep 22 , 2025
सिवनी मालवा। सिवनी मालवा में 4 महीने की बच्ची की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। सिवनी मालवा तहसील के ग्राम बेरखेड़ी में शुक्रवार 19 सितंबर को 4 महीने की बच्ची की हत्या हुई थी। इस मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। बच्चे की हत्या उसकी दादी मीना […]

You May Like