
इंदौर. खुडै़ल थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को तालाब में दफनाने का मामला सामने आया है. तीन मई को सेमलिया चाऊ निवासी विशाल चौहान की गुमशुदगी दर्ज की गई थी. डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि विशाल ने घर से शादी में जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. आरोपी ने मृतक के मोबाइल से परिवार को मैसेज किया कि वह ‘सांवरिया सेठ’ जा रहा है, जिससे परिजन गुमराह हो गए.
डीएसपी उमाकांत चौधरी ने नव भारत को बताया कि पुलिस को शक हुआ और जांच में पता चला कि उसी गांव का रोहित परमार आरोपी है. उसने बताया कि विशाल की बहन से उसकी दोस्ती थी, लेकिन विशाल उनसे मिलने में बाधा बनता था और पैसों की मांग भी करता था. इसी विवाद के कारण उसने एक मई को विशाल की गोली मारकर हत्या कर दी. डीएसपी ने यह भी बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को तालाब में दफनाया. इसके बाद मोबाइल से मृतक के परिवार को मैसेज भेज कर भ्रम फैलाया गया कि विशाल जिंदा है और कहीं और जा रहा है. बारिश के बाद शव बाहर आने की आशंका पर आरोपी ने 40 हजार रुपए देकर तालाब की दोबारा खुदाई कर शव पर नमक डालकर उसे दफना दिया, डीएसपी ने यह भी बताया कि पुलिस आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल की तलाश भी कर रही है. मुख्य आरोपी रोहित परमार को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि उसके तीन साथियों की तलाश जारी है. खुड़ैल पुलिस ने पेशेवर तरीके से मामले का खुलासा किया है. वहीं एसपी ग्रामीण हितिका वासल ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है. डीएसपी ने कहा 15-16 दिन पुराने शव की फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के सभी पहलू स्पष्ट होंगे. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
