जबलपुर: मौसम की बदली रंगत से मंगलवार को पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया था जो सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को पारा तो लुढक़ गया लेकिन गर्मी के तेवर बरकरार रहे। सुबह से लोग गर्मी से बेहाल रहे। तेज धूप और गर्म हवा के झोंके लोगों को झुलसाते रहे। मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में एक चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वोत्तर राजस्थान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं इस चक्रवातीय परिसंचरण से लेकर उत्तर प्रदेश, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगालहोते हुए दक्षिणी असम तक माध्य समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ट्रफ विस्तृत है। आज भी गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है।
शाम को मंडराए बादल, चली हवाएं
शाम को बादल मंडराए, तेज हवाएं भी चली। ऐसा लगा कि बदरा बरस पड़ेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ बरसने वाले बादल आगे बढ़ गए।
ऐसा रहा तापमान
बुधवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 49 और शाम को 32 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिणी हवाएं 5 से 6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।