सुरुचि सिंह-सौरभ चौधरी ने जीता 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक

लीमा (वार्ता) भारतीय निशानेबाज सुरुचि सिंह और सौरभ चौधरी ने आईएसएसएफ विश्वकप 2025 में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया है।

बुधवार को हुई स्पर्धा में सुरुचि और सौरभ ने स्वर्ण पदक के लिए हुए मुकाबले में 8-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए चीन की याओ कियानक्सुन और हू काई की जोड़ी को 17-9 से हराया।

इस वर्ष आईएसएसएफ विश्वकप में सुरुचि का यह तीसरा स्वर्ण और कुल मिलाकर चौथा पदक था। उन्होंने पिछले सप्ताह ब्यूनस आयर्स में और मंगलवार को लीमा में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा जीत दर्ज की थी। उन्होंने ब्यूनस आयर्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में सौरभ के साथ कांस्य पदक भी जीता था। दूसरी ओर, सौरभ ने भी पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर लगभग तीन वर्षों में आईएसएसएफ विश्वकप में अपना पहला व्यक्तिगत पदक जीता था।

इस बीच, 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के कांस्य पदक मैच में मनु भाकर और रविंदर सिंह को चीन के मा कियानके और झांग यिफान की जोड़ी ने 16-6 से हराया। 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के क्वालीफिकेशन राउंड में सुरुचि सिंह (291) और सौरभ चौधरी (289) ने कुल 580 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था।

Next Post

रूस ने अफगानिस्तान तालिबान को आतंकवादी संगठनों की सूची से हटाया

Fri Apr 18 , 2025
मास्को/काबुल (वार्ता) रूस ने आज आधिकारिक तौर पर अफ़गानिस्तान तालिबान पर अपने दो दशक पुराने प्रतिबंध को हटा दिया जिससे समूह को आतंकवादी संगठनों की अपनी सूची से हटा दिया गया। रूसी मीडिया द्वारा गुरुवार को पुष्टि किए गए इस कदम से अफ़गानिस्तान के वास्तविक शासकों के प्रति मास्को के […]

You May Like