
भोपाल। कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए विवादित बयान के कारण मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शाह को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की है। उमा भारती ने कहा कि इस तरह के बयान भारतीय सेना और उसके अधिकारियों का अपमान हैं और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस बीच विपक्षी दलों ने भी विजय शाह के बयान की कड़ी निंदा की है और उनके इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर भी मामले में कार्रवाई करने का दबाव बढ़ रहा है। वहीं, शाह ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था।
