नयी दिल्ली / कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 28 जनवरी (वार्ता) 27 राज्यों, पांच केंद्र शासित प्रदेशों और तीन एसोसिएट सदस्य संघों की कुल 35 बालक एवं 35 बालिका टीमें 31 जनवरी से चार फरवरी तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाली 35वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय खो खो चैंपियनशिप 2025-26 में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
चैंपियनशिप में भाग लेने वाले केंद्र शासित प्रदेशों में पुडुचेरी, लद्दाख, दादरा एवं नगर हवेली, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। इसके अलावा मध्य भारत, कोल्हापुर और विदर्भ की टीमें भी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। चैंपियनशिप में लगभग 1100 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में आयोजित यह चैंपियनशिप कुल 4 खेल मैदानों पर खेली जाएगी, जिनमें 3 मैट मैदान शामिल हैं। यह चैंपियनशिप लीग-कम-नॉकआउट आधार पर आयोजित की जा रही है। पहले तीन दिनों में कुल 120 मुकाबले होंगे। तीन फरवरी को प्री-क्वार्टर फाइनल एवं क्वार्टर फाइनल तथा चार फरवरी को सेमीफाइनल और फाइनल मैच आयोजित किए जाएंगे।
खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने कहा, “उभरती हुई युवा प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। फेडरेशन उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे खेल में अपना करियर जारी रखें और ऊंचाइयां हासिल करें। सभी सब-जूनियर खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं।” हरियाणा स्पोर्ट्स खो खो एसोसिएशन के अध्यक्ष जवाहर सिंह यादव ने कुरुक्षेत्र में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा, “यह हरियाणा के लिए गर्व का क्षण है। 2012 में गुरुग्राम में आयोजित जूनियर नेशनल के बाद, 2026 में सब-जूनियर नेशनल खो खो चैंपियनशिप हरियाणा में हो रही है। 31 जनवरी को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण लाल पंवार एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी मौजूद रहेंगे। चैंपियनशिप के दौरान कृष्ण कुमार बेदी भी भ्रमण पर आएंगे।”
उन्होंने कहा, “समापन समारोह में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित रहेंगे।”
खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के महासचिव उपकार सिंह वीरक ने कहा, “मैं चैंपियनशिप में भाग लेने वाली सभी टीमों को बधाई देता हूं। प्रतियोगिता के सुचारू आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इन युवा खिलाड़ियों का खेल में उज्ज्वल भविष्य है और हम उन्हें हर आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।” केकेएफआई के संगठन एवं प्रशासन अध्यक्ष डॉ. एम.एस. त्यागी ने कहा, “खो खो अब एक आधुनिक खेल बन चुका है, जिसमें खेल विज्ञान के तत्वों को शामिल किया गया है। यह खेल दुनिया के सभी छह महाद्वीपों में 61 देशों में खेला जा रहा है। युवाओं में खो खो को करियर के रूप में अपनाने की रुचि बढ़ रही है, क्योंकि इसमें अवसर और पहचान दोनों उपलब्ध हैं।”

