
जबलपुर। ईओडब्ल्यू जबलपुर ने मप्रपूक्षेविविकलि कटनी के कार्यपालन यंत्री यू.एस. पाराशर के नरसिंहपुर स्थित मकान पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापे की कार्यवाही की। जिसमें करोड़ों की असमानुपातिक संपत्ति का मालिक निकला। 5.5 करोड़ की संपत्ति मिली है।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई जबलपुर के उप पुलिस अधीक्षक ए. व्ही. सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्रीय विद्युत वितरण कंपनी, कटनी के कार्यपालन यंत्री उमा शंकर पाराशर के विरूद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों विषयक प्राप्त शिकायत की जाँच ईओडब्ल्यू, जबलपुर द्वारा की गई। शिकायत की जाँच उपरांत आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम का केस दर्ज किया गया। आर्थिक अपराध प्रकोप्ठ, इकाई जबलपुर के द्वारा आरोपी के निवास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नरसिंहपुर एवं ग्राम-बिनैर (निवारी), तहसील-करेली, जिला नरसिंहपुर स्थित फैक्टरी पर सर्च की कार्यवाही की। सर्च के दौरान चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई।
आलीशान मकान, लग्जरी कार, आभूषण मिले
सर्च कार्यवाही के दौरान टाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नरसिंहपुर में आरोपी के 02 आलीशान मकान, एक तीन मंजिला एवं एक दो मंजिला मकान पाया गया जिनकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रूपये पाई गई। साथ ही ग्राम बिनैर (निवारी), तहसील-करेली, जिला नरसिंहपुर में कॉमन बायो केमिकल वेस्ट फैक्टरी पाई गई जिसका कीमत लगभग 3.0 करोड़ रूपये है। आरोपी के निवास से 5 चार पहिया वाहन एवं 1 दो पहिया वाहन कुल 6 वाहन पाये गये जिनकी अनुमानित कीमत 60 लाख रूपये है। आरोपी के निवास से सर्च कार्यवाही के दौरान सोने-चांदी के जेवर राशि 18,16,955 रुपये के पाये गये । घरेलू सामान 36,43,000 रुपये का मिला।
9 बैंक खातों की मंगाई गई जानकारी
इसके 9 बैंक खातों की भी जानकारी प्राप्त हुई है जिनके संबंध में जाँच की जा रही है।
सर्चकार्यवाही आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई जबलपुर के उप पुलिस अधीक्षक, ए. व्ही. सिंह, उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती लक्ष्मी यादव, उप पुलिस अधीक्षक मुकेश खम्परिया, निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा पांडे, प्रधान आरक्षक अभिनव, नितेश दुबे, राम अनुग्रह तिवारी, राम जनम यादव, कयूम खान, आरक्षक सुमित पांडे, नदीख शेख, राजेश विश्वकर्मा, सगीर खान एवं जसलीन कौर द्वारा की गई।
