
जैतहरी, मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में गुरुवार को 45 वर्षीय अधेड़ का शव कुएं में मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान शहडोल जिले के बुढ़ार थाना अंतर्गत सिराजू निवासी 45 वर्षीय लल्लू कोल पुत्र बाबूलाल कोल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि लल्लू कोल मानसिक रूप से विक्षिप्त था।
परिजनों के अनुसार, वह 23 अगस्त को लल्लू कोल को झाड़-फूंक करवाने के लिए अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के पतुलखी गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर लाए थे। 24 अगस्त की सुबह लल्लू बिना बताए घर से लापता हो गया था। लापता होने के बाद 25 अगस्त को उसे रिश्तेदार के गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर मानिकपुर गांव में देखा गया था। ग्रामीणों ने उसका वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने ग्रामीणों से मिली जानकारी और वीडियो के आधार पर मृतक के परिजनों का पता लगाया।
जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि परिजनों ने मृतक की गुमशुदगी की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, वे स्वयं उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, शव संभवतः एक दिन पुराना है और पानी में फूल गया था, हालांकि शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। आशंका है कि रात के अंधेरे में वह जगतविहीन कुएं में गिर गया होगा, जिससे डूबकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
