
बुधनी. नगर के गुरूआबाबा कालोनी निवासी युवक का गत 26 अप्रैल को छह आरोपियों ने फिल्मी स्टाईल में पिस्टल अड़ाकर अपहरण कर लिया था. अपहरण की सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी युवक को गैरतगंज में छोड़कर फरार हो गए थे. पुलिस ने आखिरकार सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है.
गौरतलब है कि गत 26 अप्रैल को गुरुआबाबा कालोनी निवासी 35 वर्षीय युवक राजेश मीना घर से लापता हो गया था. उसके पिता अजीत मीना ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. बताया जाता है कि पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए आसपास के थानों को भी इसकी सूचना दी थी. अगले दिन 27 अप्रैल को राजेश मीना रायसेन जिले के गैरतगंज में मिला. उसने पुलिस को बताया कि छह लोग पिस्टल अड़ाकर उसका अपहरण कर कार से ले गए थे. पुलिस का दबाव देखकर आरोपी उसे गैरतगंज में छोड़कर फरार हो गए थे.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, एएसपीसुनीता रावत के निर्देशन एवं एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु उप पुलिस अधीक्षक चैनसिंह रघुवंशी थाना प्रभारी बुदनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई. आखिरकार पुलिस ने आरोपीगण यश चौकसे , शुभम मीना, भोला, गुड्डू , राहुल निवासी बनखेड़ी थाना उदयपुरा जिला रायसेन को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उन्होंने अपने साथी आरोपी राहुल एवं घटना में षडय़ंत्र में शामिल वीरेन्द्र मीना निवासी कटारा हिल्स भोपाल के नाम बताए. पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त कार, एक नकली पिस्टल, एक चाकू, एक स्कूटी बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. मामले में थाना प्रभारी चैनसिंह रघुवंशी ने बताया कि राजेश मीना का रिश्तेदार माखननगर बावई से लड़की को भगा ले गया था जिससे आरोपी नाराज थे. इसलिए उन्होंने राजेश को अगवा किया था.
