भोपाल। राजधानी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 दशक पहले बसे ईरानी डेरा बस्ती को हटा दिया है. भोपाल रेलवे स्टेशन के पास मेट्रो का स्टेशन अंडरग्राउंड बनाया जाना है. जिसके चलते ईरानी डेरा बड़ी चुनौती के साथ बाधा बना हुआ था. इसके आलाव मेट्रो के काम में बाधा बनने वाले अन्य मकानों और दुकानों को हटाया गया है. जिन लोगों के आवास पर कार्रवाई की गई है मेट्रो रेल कंपनी ने उन्हें निर्धारित दर पर मुआवजा भी पूर्व में दिया है. सदर एसडीएम दीपक पांडे की अगुवाई में पिछले तीन महीनों से लगातार कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने इसमें पूरी तरह से सफलता पा ली है. एसडीएम पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह का पुलिस ने बल का प्रयोग नहीं किया. स्थानीय लोगों से बातचीत और संपर्क करते हुए ही कार्रवाई पूरी की गई. उन्होंने बताया कि मेट्रो की जद में जो भी अतिक्रमण आ रहे थे. वह सब हटा दिए गए हैं.
क्षेत्र में विवाद के अधिकांश मामले
एसडीएम दीपक पांडे ने नवभारत से बात करते हुए बताया कि क्षेत्र में विवाद के अधिकांश मामले कोर्ट में चल रहे हैं. जिसमें 20 से अधिक जमीन के मामले हैं. उन्होंने बताया कि सदर एसडीम के क्षेत्र भी बंटे होते हैं. पुराना भोपाल घनी आबादी वाला क्षेत्र है. जहां पर सभी वर्ग के लोग रहते हैं. बता दें कि भोपाल में इससे पूर्व भी मेट्रो के काम में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की गई है. अब स्टेशन के पास की गई कार्रवाई से प्लेटफार्म नंबर 6 का एरिया खाली मैदान के रूप में फिलहाल तबदील हो गया है. जहां पर मेट्रो स्टेशन का काम संचालित किया जाना है.
