
टीकमगढ़। पुलिस चौकी के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। नाराज भीड़ ने चौकी के अंदर घुसकर तोड़फोड़ कर हंगामा किया। टीकमगढ़ में एक मजदूर युवक की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने से नाराज ग्रामीणों ने जेवर पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर दी। इससे पहले शव रखकर प्रदर्शन भी किया गया। घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। यह पुलिस चौकी चंदेरा थाना में आती है।
जेवर चौकी प्रभारी एएसआई रेवाराम गोंड के अनुसार, जिस युवक की मौत हुई है, वह मजदूरी करने गया था। ग्रामीणों की मांग थी कि जिस व्यक्ति के साथ वह मजदूरी करने गया था, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शन कारियों में से कुछ लोग तोड़फोड़ करने लगे। पुलिस तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर रही है। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों ने बताया कि मंगलवार को 21 वर्षीय आकाश अहिरवार को गांव के यादव समाज के लोग ट्रैक्टर से मुरम भरने ले गए थे। खदान की मिट्टी धंसने से आकाश नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन गंभीर हालत में उसे झांसी ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं हालात को देखते हुए अब पुलिस कप्तान ने यहां कई थानों की पुलिस को तैनात कर दिया है।
