
ग्वालियर। शहर के पास ग्राम कुलैथ में स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर अतिशय क्षेत्र न्यास समिति के तत्वाधान में 09 मार्च रविवार को कुलैथ की सांक नदी से प्राप्त अतिशयकारी प्राचीन विशाल चर्तुमुखी जिनबिंब प्रतिमाओं का महा मस्तकाभिषेक होगा। वार्षिक मेले का आयोजन होगा। इसके लिए आगरा से धौलपुर, मुरैना से होते हुए प्रतिदिन पद विहार करते हुए मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंत सागर महाराज और मुनिश्री विश्व सौम्या सागर महाराज का 08 मार्च शनिवार को दोपहर में रायरू से पद विहार कर शाम 04 बजे कुलैथ में भव्य मंगल प्रवेश करेंगे। उपाध्यायश्री विहसंत सागर महाराज ससंघ का पद विहार आगरा, धौलपुर से जैन समाज के युवा टीम प्रतिदिन कर रही है। आज शुक्रवार को मुरैना स्थित जैन ज्ञानतीर्थ से उपाध्यायश्री विहसंत सागर महाराज ससंघ का मंगल विहार आप ओर हम टीम ने कराया। उपाध्यायश्री ससंघ आज शुक्रवार को बामौर स्थित दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे।
