
तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई ने अपने पहले सार्वजनिक संदेश में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि स्ट्रेट ऑफ हार्मुज बंद रहेगा और इजरायल-अमेरिका के हमलों में मारे गए ईरानियों की मौत का बदला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ दोस्ताना और सहयोगपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहता है, लेकिन क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कार्रवाई जारी रखेगा।
खामेनेई ने कहा कि हाल के हमलों में ईरानी नागरिकों की मौत को भुलाया नहीं जाएगा और इसके लिए जिम्मेदार ताकतों को जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ईरान अपनी रणनीतिक और सैन्य नीति में किसी तरह की नरमी नहीं बरतेगा।
गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इसे बंद रखने की चेतावनी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
