मुंबई 05 मई (वार्ता) वैश्विक स्तर से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू स्तर पर ऑटो, तेल एवं गैस, एनर्जी और सर्विसेस जैसे समूहों में हुयी लिवाली के बल पर शेयर बाजार सोमवार को लगातार तीसरे दिन बढ़त बनाने में सफल रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 294.85 अंकों की बढ़त के साथ 80796.84 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 114.45 अंकों की तेजी लेकर 24461.15 अंक पर रहा। इस दौरान छोटी और मझौली कंपनियों में भी लिवाली का जोर देखा गया जिससे बीएसई का मिडकैप 1.45 प्रतिशत उठकर 43326.80 अंक पर और स्मॉलकैप 1.23 प्रतिशत बढ़कर 47949.78 अंक पर रहा।
बीएसई में बैंकिंग 0.90 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर शेष सभी समूहों में तेजी रही जिसमें तेल एवं गैस 1.95 प्रतिशत, ऑटो 1.88 प्रतिशत, सर्विसेस 2.99 प्रतिशत और एनर्जी 1.49 प्रतिशत प्रमुखता से शामिल है। बीएसई में कुल मिलाकर 4202 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें से 2562 बढ़त में और 1460 गिरावट में रही जबकि 180 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
वैश्विक स्तर पर चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.23 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर अधिकांश प्रमुख सूचकांक बढ़त में रहे जिसमें ब्रिटेन का एफटीएसई 1.17 प्रतिशत, जापान का निक्केई 1.04 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.17 प्रतिशत और जर्मनी का डैक्स 0.39 प्रतिशत शामिल है।

