18 लाख की सनसनीखेज चोरी का खुलासा: सीसीटीवी से मिली सुराग की कड़ी, पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, 15.40 लाख रुपये बरामद

ग्वालियर, शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र में हिन्दुस्तान लीवर एजेंसी के कार्यालय से हुई 18 लाख रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी का पुलिस ने मात्र कुछ दिनों में पर्दाफाश कर दिया। क्राइम ब्रांच और जनकगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक विधि-विरुद्ध बालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की रकम में से 15 लाख 40 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पूरे मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर हुआ।

 

पुलिस के अनुसार पटेल नगर सिटी सेंटर निवासी एजेंसी संचालक संजय कुमार बंसल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पीजीवी कॉलेज के पास जीवाजीगंज स्थित उनके कार्यालय के ड्रॉअर में करीब 18 लाख रुपये नकद और एक चांदी का सिक्का रखा था। 9 अगस्त की रात कार्यालय बंद करने के बाद वे घर चले गए थे। रात करीब 1:30 बजे पड़ोसी के फोन पर कार्यालय पहुंचे तो ताले सही मिले, लेकिन अगले दिन सुबह कार्यालय का ताला टूटा मिला और नकदी व चांदी का सिक्का गायब था। इस पर जनकगंज थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, सीसीटीवी टीम और जनकगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।

 

जांच के दौरान पुलिस ने पहले भारत उर्फ भूरा जाटव और जितेन्द्र उर्फ टिक्की को वीर हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर छह लाख और एक लाख रुपये बरामद किए गए। इसके बाद जोगेन्द्र जाटव को लक्ष्मीगंज से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.40 लाख रुपये तथा विवेक यादव को ललितपुर से पकड़कर छह लाख रुपये बरामद किए गए। एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लेकर उसके पास से एक लाख रुपये जब्त किए गए।

 

पुलिस ने अब तक कुल 15.40 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष राशि के संबंध में आरोपियों से पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में भारत उर्फ भूरा जाटव, विवेक यादव, जितेन्द्र उर्फ टिक्की उर्फ जीतू, जोगेन्द्र जाटव तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं।

 

इस सफल कार्रवाई में जनकगंज थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, सीसीटीवी टीम तथा झांसी रोड और ठाठीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना की है।

Next Post

हरियाली अमावस्या पर एक साथ 5000 पौधे रोपकर ओढ़ाई हरीतिमा की चादर 

Wed Aug 12 , 2026
ग्वालियर, पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर ग्वालियर में विशाल पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगणों, वरिष्ठ अधिकारियों, आमजनों, समाजसेवी संस्थाओं व शैक्षणिक संस्थानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आगरा-झांसी […]

You May Like