ग्वालियर:अंचल में हुई तेज बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। चिनौर कस्बे के अंतर्गत ग्राम पिपरो में जलभराव के कारण ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है। मुख्य सड़क से गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया, जिससे आपातकालीन सेवाएं भी ठप पड़ गईं है।इसी बीच गांव के 48 वर्षीय प्रताप सिंह जाटव की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस बुलवाई, लेकिन गांव से गुजर रहे नाले पर बने रपटे पर पानी का तेज बहाव होने से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। मजबूरन परिजनों और ग्रामीणों ने प्रताप सिंह को खटिया पर लिटाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन जलभराव और संसाधनों की कमी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। समय पर इलाज न मिलने के कारण प्रताप सिंह ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात में ऐसी ही स्थिति बन जाती है, जिससे ना तो बीमार व्यक्ति अस्पताल पहुंच पाता है और ना ही गर्भवती महिलाओं की समय पर डिलीवरी हो पाती है। कई लोगों की जान सिर्फ इस वजह से चली जाती है कि गांव तक पहुंचने का कोई सुरक्षित और वैकल्पिक मार्ग नहीं है।
