देहरादून, 11, सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार अपराह्न उत्तराखंड के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह एक उच्च स्तरीय बैठक में आपदा से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री मोदी शाम सवा चार बजे विशेष विमान से जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां उच्च अधिकारियों से बात करके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आपदाग्रस्त क्षेत्रों के सर्वेक्षण के लिए निकलेंगे। आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद वह वापस देहरादून आकर पांच बजे उच्च स्तरीय बैठक में भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष उत्तराखंड में केदारनाथ आपदा के बाद सबसे अधिक आपदाएं आयी हैं। इसके कारण बड़े पैमाने पर ग्रामीण क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। जनहानि के साथ पशुहानि भी हुई हैं। अभी भी लगातार अतिवृष्टि और भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। राज्य सरकार ने 5702 करोड़ रुपये की राहत राशि केंद्र सरकार से मांगी है, जिसके लिए केंद्रीय टीम भी निरीक्षण कर चुकी है।
मोदी आज करेंगे उत्तराखंड के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण
