ओंकारेश्वर: नगर में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को उस समय तीखे विरोध का सामना करना पड़ा, जब स्थानीय रहवासियों ने कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और मौके पर जमकर हंगामा होने लगा।प्रशासन द्वारा जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, क्षेत्र के लोगों ने इसका विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान एक महिला अचानक जेसीबी मशीन के आगे लेट गई, जिससे कार्रवाई को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। महिला के इस कदम के बाद मौके पर मौजूद अन्य लोग भी आक्रोशित हो गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध तेज हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे गरीब और छोटे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को पहले पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए थी।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देने का प्रयास किया, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे काबू में आए।
हालांकि क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है यह कार्रवाई उच्च स्तर के निर्देशों के तहत की जा रही है और अवैध अतिक्रमण को हटाना आवश्यक है, ताकि सार्वजनिक मार्ग और सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन स्थानीय लोगों में नाराजगी अभी भी बनी हुई है
