
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर ‘लाड़ली बहना योजना’ के तहत करोड़ों महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस योजना को बड़े प्रचार के साथ शुरू किया था, लेकिन अब यह “झूठ और विश्वासघात” का प्रतीक बन चुकी है।
पटवारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने वादा किया था कि जून 2023 से प्रत्येक लाड़ली बहना को ₹3,000 प्रति माह दिया जाएगा। लेकिन वास्तविकता यह है कि शुरुआत में केवल ₹1,000 प्रति माह दिए गए और अक्टूबर 2023 में जनता के दबाव के बाद राशि बढ़ाकर ₹1,250 कर दी गई।
पटवारी के अनुसार, यदि भाजपा ने अपना चुनावी वादा पूरा किया होता, तो अब तक ₹1,09,620 करोड़ का भुगतान किया जाना चाहिए था। जबकि सरकार ने केवल करीब ₹40,000 करोड़ ही वितरित किए हैं — यानी लगभग ₹69,620 करोड़ की राशि सरकार ने बहनों से “छीन” ली है।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी, अगर सच में होश में हैं, तो एक बार कागज-कलम लेकर हिसाब लगा लीजिए। खुद समझ जाएंगे कि जनता से झूठ कौन बोल रहा है।” पटवारी ने कहा कि भाजपा की घबराहट और तिलमिलाहट यह दर्शाती है कि झूठ कितना बड़ा था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में शराब का कारोबार सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों के हाथ में है। “पूरा मध्य प्रदेश जानता है कि शराब के ठेके कौन चला रहा है, मुनाफा कौन कमा रहा है और कौन सत्ता के नशे में चूर है,” पटवारी ने कहा।
पटवारी ने अंत में कहा कि लाड़ली बहनाएं अब जाग चुकी हैं और भाजपा से हिसाब मांग रही हैं — “इस बार जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी।”
