नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के मुख्य प्रधान सचिव के एम अब्राहम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर बुधवार को रोक लगा दी।
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति मनमोहन की पीठ ने अब्राहम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता आर बसंत और केरल सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता की दलीलें सुनने के बाद यह अंतरिम आदेश पारित किया।
शीर्ष अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने के लिए उच्च न्यायालय के निर्देश को चुनौती देने वाली अब्राहम की विशेष अनुमति याचिका पर सीबीआई को नोटिस जारी किया।
शीर्ष अदालत ने किसी लोक सेवक के खिलाफ जांच शुरू करने से पहले पूर्व मंजूरी की आवश्यकता के नजरिए से पाया कि मुकदमा दर्ज करने के लिए केरल उच्च न्यायालय के निर्देश ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 156 (3) के तहत प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं का उल्लंघन किया हो सकता है।
शीर्ष अदालत ने अनिल कुमार एवं अन्य बनाम एम के अयप्पा (2013) और एल नारायण स्वामी बनाम कर्नाटक राज्य (2016) जैसे पिछले निर्णयों का हवाला देते हुए, सर्वोच्च न्यायालय ने दोहराया कि मजिस्ट्रेट सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति के बिना किसी लोक सेवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश नहीं दे सकता।
केरल उच्च न्यायालय ने 11 अप्रैल, 2025 के अपने आदेश में सीबीआई को सामाजिक कार्यकर्ता जोमन पुथेनपुरकल द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया था, जिन्होंने दावा किया था कि अब्राहम ने मुंबई में तीन करोड़ रुपये के अपार्टमेंट, तिरुवनंतपुरम में एक करोड़ रुपये के फ्लैट और कोल्लम में आठ करोड़ रुपये के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में एक तिहाई हिस्सेदारी सहित अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से बहुत अधिक संपत्ति अर्जित की है।
उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति के बाबू ने सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) की आलोचना की कि उसने मनमाने ढंग से अपनी जांच से महत्वपूर्ण समय अवधि को बाहर रखा है। न्यायालय ने इस बात पर जोर दिया कि अनुपातहीन संपत्तियों के मूल्यांकन के लिए चुनी गई ‘जांच अवधि’ लोक सेवक की वित्तीय गतिविधियों की पूरी तस्वीर प्रदान करनी चाहिए।
उच्च न्यायालय ने जांच अधिकारी के निष्कर्षों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए, धन के स्रोत में विसंगतियां और समझौता ज्ञापन और पावर ऑफ अटॉर्नी जैसे दस्तावेजों पर निर्भरता में विसंगतियां देखीं। वीएसीबी जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के लिए पर्याप्त आधार पाते हुए, उच्च न्यायालय ने जांच को सीबीआई को सौंप दिया था।
