व्यापारी-हम्माल विवाद में थमी रही नीलामी

सीहोर। व्यापारी संघ और हम्माल संघ के बीच सोमवार को एक बार फिर टकराव की स्थिति निर्मित हो गई. इसका खामियाजा दूर- दराज से उपज लेकर आए किसानों को उठाना पड़ा. नीलामी शुरू होने का इंतजार करते किसानों ने जमकर हंगामा खड़ा किया. प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. उनके निर्देश पर हम्माल संघ अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई. इसके बाद ही शाम पांच बजे के बाद नीलामी शुरू हो सकी. हालांकि इस दौरान काफी किसान उपज लेकर वापस घर रवाना हो गए थे.

तीन दिन के अवकाश के बाद सोमवार को कृषि उपज मंडी में अनाज की बम्पर आवक हुई, लेकिन तीन दिन पहले व्यापारी और हम्माल संघ अध्यक्ष के बीच हुए विवाद को लेकर एक बार फिर व्यापारी संघ ने नीलामी शुरू न करते हुए हम्माल संघ के अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर दी. इसके बाद व्यापारी मंडी थाने भी पहुंचे. यहां उन्होंने हम्माल संघ अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई का आवेदन दिया और मंडी आकर निर्णय लिया कि जब तक हम्माल संघ के अध्यक्ष पर कानूनी कार्रवाई नहीं होगी तब तक नीलामी नहीं करेंगे. इस दौरान मायूस किसान नीलामी शुरू होने का इंतजार करते रहे.

पहले हम्माल संघ अध्यक्ष पर हो कार्रवाई, फिर शुरू करेंगी नीलामी

हम्माल संघ के अध्यक्ष व व्यापारी के बीच हुए विवाद को लेकर सोमवार को व्यापारियों ने नीलामी शुरू करने से पहले हम्माल संघ अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सचिव से शिकायत की. यहां बात नहीं बनी तो व्यापारी एकजुट होकर मंडी थाने पहुंचे और हम्माल संघ अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई का आवेदन दिया. थाने से लौटने के बाद व्यापारियों ने नीलामी में भाग लेने से इंकार कर दिया. नीलामी न होने से किसान भड़क उठे और उन्होंने मंडी कार्यालय में जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की. मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार नीलम परसेंडिया मौके पर पहुंचीं और समझाईश देकर नीलामी शुरू करने को कहा, लेकिन व्यापारी अपनी मांग पर ही अड़े रहे. इसके बाद एसडीएम तन्मय वर्मा एवं सीएसपी निरंजन सिंह भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने के जतन जारी रहे, लेकिन जब कोई निष्कर्ष नहीं निकला तो सुबह से नीलामी शुरू होने का इंतजार कर रहे अधिकांश किसान बिना उपज बेचे घर रवाना हो गए. आखिरकार किसी तरह शाम पांच बजे के बाद तीन- चार व्यापारी नीलामी शुरू करने को माने तब कहीं नीलामी शुरू हुई. हालांकि शाम को मंडी थाना पुलिस ने हम्माल संघ अध्यक्ष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

शुक्रवार को व्यापारी के साथ की थी गाली- गलौच

बताया जाता है कि गत शुक्रवार को नगर बंद के आव्हान के चलते मंडी में नीलामी नहीं हो सकी थी. बताया जाता है कि मंडी व्यापारी मेसर्स देवेन्द्र कुमार विशाल कुमार की दुकान पर हम्माल काम कर रहे थे तभी शाम को हम्माल संघ अध्यक्ष संजू यादव अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली- गलौच करते हुए काम बंद करा दिया. इस दौरान उसके द्वारा विशाल राठौर और फर्म के मुनीम धीरेन्द्र प्रजापति को जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद फर्म के मुनीम धीरेन्द्र ने हम्माल संघ अध्यक्ष संजू यादव के खिलाफ मंडी थाने में प्रकरण दर्ज कराया. इस घटना की जानकारी फर्म संचालक द्वारा व्यापारी संघ को भी दी गई थी.

शाम को शुरू हो गई थी नीलामी

व्यापारियों व हम्मालों के बीच का आपसी विवाद है. इसके लिए वह पुलिस की मदद ले सकते हैं. नीलामी को प्रभावित करना गलत था. व्यापारियों, हम्मालों व किसानों को बैठाकर चर्चा की गई. शाम पांच बजे नीलामी शुरू हो सकी.

नीलम परसेंडिया,

तहसीलदार, सीहोर

Next Post

बंदर का हिंदू रीति-रिवाज से किया अंतिम संस्कार

Mon Apr 28 , 2025
नीमच। जावद में रामपुरा दरवाजा क्षेत्र में शनिवार रात एक बंदर कुत्ते के हमले से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़ा। समाजसेवी नारायण सोमानी ने वन विभाग के डिप्टी रेंजर चंपालाल गायरी को सूचना दी। पशु चिकित्सालय में इलाज के दौरान नस कटने के कारण रविवार को बंदर की मौत […]

You May Like