आरसी कार्ड, ड्राईविंग लाइसेंस जारी करने के लिए लिए जा रहे 200 रुपए अतिरिक्त
जबलपुर:वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड, चालकों के ड्राईविंग लाइसेंस जारी करने के लिए आरटीओ विभाग द्वारा ली जा रही 200 रुपए अतिरिक्त फीस इन दिनों लोगों के मुसीबत का सबब बनी हुई है। अपने-अपने वाहनों के नए रजिस्ट्रेशन कार्ड व ड्राईविंग लाइसेंस लेने जब आवेदक आरटीओ पहुंच रहे हैं तो उन्हें विभाग के अधिकारियों द्वारा कहा जा रहा है कि आप पहले 200 रुपए दीजिए उसके बाद कार्ड मिलेगा। ये सुनकर जब आवेदक अधिकारी से कहता है कि उसने तो पहले ही पूरी फीस चुका दी है अब किस बात की।
लाइसेंस व आरसी कार्ड लेने पहुंचे मनोज , सुरेंद्र, बबलू सहित कुछ अन्य महिलाओं ने नवभारत को बताया कि उनसे आरटीओ कार्यालय में अधिकारियों द्वारा आवेदक से ये कहा गया कि ये प्रोसेसिंग फीस है जिसे भोपाल के आदेश के अनुसार लिया जा रहा है। इस संबंध में एक आवेदक ने आरटीओ अधिकारी से ये भी पूछा कि ये प्रोसेसिंग फीस में क्या बदलाव संभव है तो संबंधित अधिकारी का कहना था कि जो भी बदलाव होंगे वो भोपाल से होंगे अभी तो आपको कार्ड चाहिए हैं तो 200 रुपए प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। इसके बाद मजबूरीवश आवेदक 200 रुपए अतिरिक्त राशि देकर अपना आरसी कार्ड आरटीओ से लेकर अपने घर को लौट आया।
जनहित में निकालना होगा कोई रास्ता
जानकारी के अनुसार इस अतिरिक्त प्रोसेसिंग फीस की परेशानी को लेकर आम जनता के हित में आरटीओ विभाग या हैडक्वार्टर से जिम्मेदार अधिकारियों को कोई रास्ता निकालना चाहिए। क्योंकि इन दिनों ये समस्या जबलपुर वासियों को बहुत परेशान कर रही है। आटीओ कार्यालय में जो भी सरकारी अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं उनका बस एक ही कहना है कि ये फीस जबलपुर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के जिलों में ली जा रही है।
