पेरिस, 03 जून (वार्ता) सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने फ्रेंच ओपन में ब्रिटेन के कैमरून नोरी को एकल वर्ग में हराकर अपनी 100वीं जीत हासिल की है। वहीं कजाकिस्तान के अलेक्जेंडर बुब्लिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रिटेन के शीर्ष खिलाड़ी जैक ड्रेपर को शिकस्त दी।
सोमवार को खेले गये प्री क्वार्टर फाइनल में 38 वर्षीय जोकोविच ने ब्रिटेन के नोरी पर सीधे सेटों में 6-2, 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की और लगातार 16वें साल रोलांड गैरोस के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
23 वर्षीय जैक ड्रेपर पर सबसे कम रैंक वाले रूस के बुब्लिक ने 5-7, 6-3, 6-2, 6-4 से जीत दर्ज की। इसी के साथ कजाकिस्तान के बुब्लिक ने टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टरफाइनल में बुब्लिक का सामना जैनिक सिनर से होगा।
मैच के बाद ब्रिटेन के जैक ड्रेपर ने कहा कि विश्व के 62वें नंबर के खिलाड़ी अलेक्जेंडर बुब्लिक से मिली आश्चर्यजनक हार के बाद उन्हें फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का ‘अवसर गंवाने’ जैसा महसूस हो रहा है। ड्रेपर की हार ने एकल में ब्रिटेन के अभियान को समाप्त कर दिया है।
मैच के बाद जोकोविच ने कहा, “यह बहुत सुंदर संख्या है, लेकिन 101 जीत बेहतर लगती है। मैं एक और जीत की तलाश जारी रखूंगा, जाहिर है कि मेरे लिए यह यहीं खत्म नहीं हुआ है। मैं इस खेल में इतिहास रचकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं, जिसने मुझे मेरे जीवन में सब कुछ दिया है।”
एक अन्य मुकाबले में डेनमार्क के टैलोन ग्रिक्सपूर के 6-4, 3-0 से पिछड़ने के दौरान उन्हें पेट में परेशानी के कारण मैच से हटने से जर्मनी के अलेक्जेंडर जेवरेव ने आठ साल में सातवीं बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। विश्व नंबर वन इटली के जैनिक सिनर ने 17वीं वरीयता प्राप्त रूस के एंड्री रूबलेव को 6-1, 6-3, 6-4 से हराया। अगले दौर में इटली के सिनर का अगला मुकाबला कजाकिस्तान के अलेक्जेंडर बुब्लिक से होगा।
महिला वर्ग में 22 वर्षीय फ्रांसीसी वाइल्डकार्ड लोइस बोइसन ने तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला को 3-6, 6-4, 6-4 से हराकर शानदार वापसी की और 2017 के बाद से रोलांड गैरोस के अंतिम आठ में पहुँचने वाली पहली फ्रांसीसी महिला बन गईं।
एक अन्य मैच में अमेरिकी स्टार कोको गॉफ ने रूस की एकटरीना एलेक्जेंड्रोवा को 6-0, 7-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

