लंबी दूरी के ग्लाइड बम ‘गौरव’ के सफल परीक्षण

नयी दिल्ली 11 अप्रैल (वार्ता) रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने सुखोई-30 लड़ाकू विमान से लंबी दूरी के ग्लाइड बम ‘गौरव’ के सफल परीक्षण किये हैं।

रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि आठ से दस अप्रैल के बीच किये गये इन परीक्षणों के दौरान ग्लाइड बम को विभिन्न वारहेड विन्यासों में कई स्टेशनों में एकीकृत किया गया था। ये परीक्षण करीब 100 किलोमीटर की रेंज में पूरी सटीकता के साथ सफलतापूर्वक पूरे किये गये। ‘गौरव’ 1,000 किलोग्राम वर्ग का ग्लाइड बम है, जिसे अनुसंधान केंद्र इमारत, आयुध अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान और एकीकृत परीक्षण रेंज, चांदीपुर द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित किया गया है।

इस अवसर पर मौजूद डीआरडीओ और भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने परीक्षणों की समीक्षा की। इस प्रणाली को विकास-सह-उत्पादन भागीदारों – अदानी डिफेंस सिस्टम्स एंड टेक्नोलॉजीज, भारत फोर्ज और विभिन्न एमएसएमई के सहयोग से साकार किया गया है। इन परीक्षणों से ‘गौरव’ को भारतीय वायुसेना में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘गौरव’ के सफल विकास परीक्षणों के लिए डीआरडीओ, भारतीय वायुसेना और उद्योग जगत की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौरव के विकास से सशस्त्र बलों की क्षमताओं में और वृद्धि होगी।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने भी सफल परीक्षणों के लिए डीआरडीओ की पूरी टीम को बधाई दी।

Next Post

पाेषण पखवाड़े में मोटापा घटाने पर जाेर

Fri Apr 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 अप्रैल (वार्ता) देश में कुपोषण की समस्या न केवल कम वजन वाले बच्चों तक सीमित है बल्कि यह एक विकराल चुनौती- मोटापे के रूप में भी सामने आ रही है जिससे निपटने के लिए पोषण पखवाड़ा 2025 में कम वसा, चीनी और नमक के भोज्य पदार्थों के […]

You May Like