जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे क्रमांक सात में गुरूवार की रात्रि कंटेनर और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। शव को पीएम के लिए भिजवाने के बाद देर रात तक पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी रही।
गोसलपुर थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि बरनू तिराहा के पास नेशनल हाईवे में गुरूवार रात्रि कंटेनर क्रमांक टीएस 29 टीबी 6779 के चालक ने वाहन को लापरवाही पूर्वक एवं तेज रफ्तार में चलाते हुए ट्रैक्टर मेंं टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार राज भूमिया 45 वर्षीय निवासी बुढागर की मौत हो गई। जबकि दशरथ ठाकुर 35 वर्ष और कपिल यादव को चोटें आ गई। घटना को अंजाम देने के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को इलाज के लिए सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से पनागर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया।
