
सतना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैहर में कलेक्ट्रेट भवन का निमार्ण कार्य शीघ्र शुरू होगा। इसी साल बरगी बांध से मां नर्मदा का जल मैहर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पहुंच जायेगा। हमने सिंचाई के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। प्रदेश में केवल 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा थी। जिसे 55 लाख हेक्टेयर बढाया गया है। हम 5 साल में प्रदेश में 1 करोड हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा देंगे। मैहर में 250 एकड क्षेत्र में विषाल गौशाला का निर्माण भी किया जायेगा। मैहर में मां शारदा देवी का भव्य शारदा लोक का निर्माण किया जायेगा। इसी तरह चित्रकूट में वनवासी भगवान राम लोक का भी निर्माण होगा। आज रावनवमी पर पूरी अयोध्या जगमग है तो भगवान राम की कर्मभूमि चित्रकूट भी आज लाखों दीपों से जगमग होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शारदा की कृपा से मैहर जिले को मॉडल के रूप में विकसित किया जायेगा। रामनवमी पर मां शारदा से मुझे आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। आज हम रामनवमी के साथ मां शारदा के परम भक्त और परमवीर आल्हा का 1300वां जन्म वर्ष भी मना रहे हैं। आल्हा ने अपनी वीरता से बुंदेलखण्ड की धरती को वीरों की धरती बनाया। प्रदेश में आल्हा के जीवन से जुडे कार्यक्रम वर्ष भर आयोजित किये जायेंगे। इनका पूरा खर्च सरकार उठायेगी। लोक कलाकारों ने भी वीर रस से भरे हुए मोहक आल्हा गायन से युद्धों का सजीव वर्णन किया। ऐसा लग रहा था जैसे सचमुच में तलवारे चल रही है। मुख्यमंत्री ने मंच में आल्हा कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले कला मण्डलियों को 50-50 हजार रूपये देने की घोषणा की।
