अमेरिक या इजरायल का हमला ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने के लिए मजबूर करेगा: लारीजानी

तेहरान, 01 अप्रैल (वार्ता) इस्लामी क्रांति के नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई के एक वरिष्ठ सलाहकार अली लारीजानी ने चेतावनी दी है कि अमेरिका या इजरायल द्वारा ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बहाने किया गया कोई भी हमला देश को परमाणु हथियार विकसित करने के लिए मजबूर करेगा।

श्री लारीजानी ने सोमवार को एक साक्षात्कार के दौरान कहा, “अगर अमेरिका या इजरायल परमाणु बहाने से ईरान पर बमबारी करते हैं, तो ईरान परमाणु बम बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मजबूर हो जाएगा।”

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को कहा कि अगर तेहरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर वाशिंगटन के साथ कोई नया समझौता नहीं करता है, तो वह ईरान के खिलाफ सैन्य हमले का आदेश देंगे। अगर वे कोई समझौता नहीं करते हैं, तो निश्चित तौर पर बमबारी होगी।”

श्री खामेनेई ने कल चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ईरान के खिलाफ कोई शत्रुतापूर्ण कार्य करता है, तो ‘उसे निश्चित रूप से बदले में भारी झटका मिलेगा।”

श्री लारीजानी ने 2008 से 2020 के बीच संसद के अध्यक्ष के रूप अपनी सेवा दी है और उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे और इससे लोग हम पर परमाणु बम बनाने का दबाव डालेंगे।

उन्होंने कहा, “नेता का फतवा परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध लगाता है, लेकिन अगर अमेरिका कोई गलती करता है, तो जनता के दबाव में ईरान परमाणु हथियार बनाने के लिए मजबूर हो जाएगा।” उन्होंने श्री ट्रम्प के श्री खामेनेई को लिखे हालिया पत्र को भी खारिज कर दिया और कहा कि उनके शब्द दोहराव वाले और गलत थे।”

ईरान ने दबाव में अमेरिका के साथ प्रत्यक्ष वार्ता से इनकार कर दिया है, लेकिन कहा है कि वह अप्रत्यक्ष वार्ता के लिए तैयार है।

 

Next Post

पाकिस्तान भूकंप प्रभावित म्यांमार को भेजेगा लगभग 70 टन मानवीय सहायता

Tue Apr 1 , 2025
इस्लामाबाद, 01 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल ही में आए भूकंप पर म्यांमार के अपने समकक्ष मिन आंग ह्लाइंग के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनका देश लगभग 70 टन मानवीय सहायता भेजेगा। जियो टीवी प्रसारक ने सोमवार को बताया कि मानवीय सहायता अगले […]

You May Like