
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 16 फरवरी को
शाजापुर, 11 फरवरी. मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा 16 फरवरी को राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का प्रदेश के 55 जिला मुख्यालयों पर दो सत्रों में आयोजित की जा रही है. जिला मुख्यालय शाजापुर के 2 केन्द्रों क्रमश: शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 01 शाजापुर एवं शासकीय बीकेएसएन महाविद्यालय शाजापुर में कुल 605 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं.
प्रथम सत्र में परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रात: 9.30 बजे से प्रवेश की अनुमति होगी. परीक्षा कक्ष में प्रात: 9.45 बजे से 10 बजे तक का समय ओएमआर शीट वितरण व प्रविष्टियों के लिए होगा. परीक्षा का समय प्रात: 10 से दोपहर 12 बजे तक का रहेगा. द्वितीय सत्र में परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में दोपहर 1.45 बजे से प्रवेश की अनुमति होगी. परीक्षा कक्ष में दोपहर 2 बजे से 2.15 बजे तक का समय ओएमआर शीट वितरण व प्रविष्टियों के लिए होगा. परीक्षा का समय दोपहर 2.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक का रहेगा.
परीक्षा कक्ष में ये नहीं ले जा सकेंगे परीक्षार्थी
केन्द्राध्यक्ष द्वारा परीक्षार्थियों के परीक्षा कक्ष में जाने के पूर्व वीक्षकों द्वारा परिक्षार्थियों की तलाशी लेने की व्यवस्था की जाएगी, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में वर्जित वस्तुएं लेकर प्रवेश न करें. महिला अभ्यर्थियों की तलाशी पूर्ण गरिमा के साथ महिला अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ही ली जा सकेगी. सामान्यत: परीक्षाओं में ऐसा पाया गया है कि परीक्षार्थी अपने कपड़ों, कफलींक, धूप का चश्मा, जूते-मोजे, हाथ के बैंड, हाथ में बंधे बंधन, इत्यादि में नाना प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का प्रयोग करते है. अत: परीक्षा में किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग को रोकने के लिए परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित होगा. परीक्षार्थी चप्पल व सेंडल पहनकर आ सकते हैं. चेहरे को ढंककर परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित होगा. ऐसेसरीज जैसे बालों को बांधने का क्लचर, बक्कल, घड़ी, हाथ में पहने जाने वाले किसी भी प्रकार के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बेल्ट, धूप में पहने जाने वाले चश्में, पर्स/वॉलेट, टोपी वर्जित है. परीक्षार्थियों को मोबाइल, केल्कुलेटर इत्यादि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पठन सामग्री एवं वर्जित वस्तुएं लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी. अत: परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व परीक्षार्थियों से उक्त सामग्री प्राप्त कर सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाएगी. आवेदक के पास आयोग द्वारा निर्धारित किए गए फोटो परिचय पत्र में से कोई एक मूल फोटो परिचय पत्र लाना अनिवार्य है. केवल आधार कार्ड हेतू मूल प्रति की जगह छायाप्रति भी मान्य की जाएगी.
…तो नहीं मिलेगा प्रवेश
केन्द्राध्यक्ष परीक्षार्थियों को केन्द्र पर प्रवेश देने से पूर्व परीक्षार्थियों के हाथों को सही तरीके से सेनेटाइज करवाएंगे. जिन परीक्षार्थियों के पास प्रवेश पत्र नहीं है तथा उनका रोल लिस्ट में भी नाम नहीं है, उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा. जिन परीक्षार्थियों के पास प्रवेश पत्र नहीं है, किन्तु केन्द्र पर भेजी गई रोल लिस्ट में उनका नाम है, उन्हें उनके मूल फोटो परिचय पत्र सूची में उपलब्ध फोटो तथा हस्ताक्षर से मिलान प्रपत्र-6 की पूर्ति के आधार पर प्रवेश दिया जा सकेगा. वीक्षक अपने साथ कोई भी इलेक्ट्रानिक डिवाईस / मोबाईल नहीं ले जाएंगे एवं परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित कक्ष में समस्त सामग्री के साथ पहुंचेंगे.
उडऩदस्ता दल का किया गठन…
परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता, शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केन्द्रों के आकस्मिक निरीक्षण करने के लिए जिले में एक उडनदस्ता दल का गठन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शाजापुर प्रभारी सुश्री मनीषा वास्कले एवं दल सदस्य जिला शिक्षा अधिकारी विवके दुबे को नियुक्त करते हुए किया गया है. परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में परीक्षार्थियों/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों जिनकी परीक्षा में डयूटी लगी है को ही, प्रवेश की अनुमति रहेगी. परीक्षा के पर्यवेक्षण एवं शिकायत के लिए मध्यप्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा संभागीय पर्यवेक्षक सेनि अपर कलेक्टर अर्जुन सिंह डावर मो.न. 9425084964 की नियुक्ति की गई है. साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था पुलिस-प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई है.
