अम्मान 28 मार्च (वार्ता) मौजूदा अंडर 23 विश्व चैंपियन रीतिका हुड्डा ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2025 में महिलाओं के फ्रीस्टाइल 76 किग्रा वर्ग स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया हैं।
जार्डन के अम्मान में गुरुवार को खेले गये फाइनल मुकाबले में भारतीय पहलवान रीतिका किर्गिस्तान की ऐपेरी मेदेत किजी से 7-6 से हार गईं और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। एक समय रीतिका 6-2 से आगे थीं, लेकिन आखिरी सेकेंड में बढ़त को गंवा दिया।
रीतिका ने सेमीफाइनल में जापान की नोदोका यामामोटो को हराकर अपना दूसरा सीनियर एशियाई पदक पक्का किया। इससे पहले उन्होंने क्वार्टर फाइनल में कोरिया की सियोयोन जियोंग को 10-0 से हराया था।
इस बीच अन्य मुकाबलों में मुस्कान ने (59 किग्रा) वर्ग और मानसी लाठर ने (68 किग्रा) वर्ग स्पर्धा में कांस्य पदक जीते। मुस्कान क्वार्टर फाइनल में जापान की सकुरा ओनिशी से 12-2 से हारीं, लेकिन रेपेचेज में मंगोलिया की अल्टजिन तोगतोख को 4-0 से हराकर कांस्य जीता।
वहीं 18 साल की मानसी ने सीनियर डेब्यू में कजाकिस्तान की इरीना कज्युलिना को 12-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। उनकी सेमीफाइनल में हार चैंपियन जेलु ली से हुई।
गुरुवार को तीन पदकों के साथ भारत के पदकों की संख्या अब पांच हो गई है। पहले दो दिन ग्रीको-रोमन के नितेश (97 किग्रा) और सुनील कुमार (87 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते थे।

