रायपुर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में 364 गैर सरकारी संस्थाएं (एनजीओ) थीं लेकिन जांच के बाद 84 संस्थाओं की फंडिंग रोकी गई जबकि 127 की वैधता समाप्त की गई है। राज्य में 153 संस्थाओं को विदेशों से फंडिंग होती है।
विधानसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अजय चंद्राकार ने एनजीओ के जरिए मतांतर किए जाने का मामला ध्यानाकर्षण के जरिए उठाया। उन्होंने कहा कि इसमें विदेशी फंडिंग से इनकार नहीं किया जा सकता है।
इस पर राज्य के गृह मंत्री व उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि विदेशी फंडिंग की जांच और कार्यवाही का अधिकार केंद्र के पास है। छत्तीसगढ़ में 364 संस्थाएं थीं। जांच के बाद 84 संस्थाओं की फंडिंग रोकी गई जबकि 127 की वैधता समाप्त की गई है।
श्री चंद्राकर ने मतांतरण के मुद्दे पर कहा कि जशपुर जिले में सबसे ज्यादा मतांतर के मामले सामने आ रहे हैं। मिशनरियों से जुड़ी शैक्षणिक संस्थानों को करोड़ों का अनुदान दिया जाता है, लेकिन उसकी ऑडिट नहीं कराई जाती। राज्य में मतांतर और धर्म परिवर्तन के मामले बढ़ रहे हैं।
इस पर गृह मंत्री शर्मा ने कहा कि चंगाई सभा की आड़ में मतांतर कराए जाने के शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। इस साल ही अब तक चार मामले सामने आए हैं, जिस पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा तुरंत वैधानिक कार्रवाई की जाती है। श्री चंद्राकर ने कहा कि 22 फरवरी को मुख्यमंत्री ने विदेशी फंड से मतांतर होने का बयान दिया था। मैं इस पटल में यह जानकारी रख सकता हूँ कि कितने धर्मातरण के मामले सामने आए हैं। स्थिति बेहद गंभीर है। धर्मांतरण रुकने की बजाय बढ़ रहा है। शैक्षणिक संस्थानों को दिए जाने वाले अनुदान पर मंत्री का उत्तर मौन है। विदेशी फंडिंग की जाँच का कोई सिस्टम है या नहीं?
इस पर श्री शर्मा ने कहा कि जो संस्थाएं विदेशों से सहायता लेती हैं, वह एफसीआरओ से पंजीकृत होती हैं। राज्य में ऐसी 153 संस्थाएं हैं। विदेशी फंडिंग की जांच और कार्यवाही का अधिकार केंद्र के पास है। केंद्र की सरकार ने इस पर बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ में अभी 153 संस्थाएं हैं जिन्हें विदेशों से फंडिंग होती है। इसकी पूरी जानकारी है।
श्री चंद्राकर ने पूछा कि इन मामलों पर आपने जांच कराई है?
श्री शर्मा ने कहा कि संस्थाओं की एक्टिविटी पर हम ध्यान दे रहे हैं. जरूरत पड़ने पर कार्यवाही होगी. समाज कल्याण विभाग, महिला बाल विकास के जरिए संस्थाओं को सालाना दो सौ से तीन सौ करोड़ का अनुदान दिया जाता है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बीते तीन साल में दिए गए अनुदान का आडिट किया जाएगा।
भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जोशवा प्रोजेक्ट चलाकर बिलासपुर में धर्म परिवर्तन कराया जाता है। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। वेबसाइट पर खुले आम धर्मातरण चल रहा है। यदि इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को नहीं है तो इसका मतलब है कि सूचना तंत्र फेल है।
श्री शर्मा ने कहा कि ऐसी संस्थाएं जिन्हें विदेशी फंडिंग होती है, उस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की सीधी नजर है।
केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि बस्तर के 70 फीसदी गांवों में धर्मातरण का खेल रहा है. इसमें सीधे तरीके से विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल हो रहा है। यदि स्थिति ऐसी ही रहेगी तो आने वाले दिनों में हम आदिवासी राज्य नहीं रह जाएँगे। अब तक जो क़ानून है, उसकी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस पर रोक के लिए कड़े कानून की ज़रूरत है।
गृह मंत्री शर्मा ने कहा कि बस्तर में ऐसी 18 संस्थाएं हैं जिन्हें विदेशी फंडिंग मिलती है। धर्मातरण को रोकने मिलकर काम करना होगा।
