
शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र के नए यातायात थाने के समीप सूने घर में दिनदहाड़े लाखों रुपए की चोरी का मामला प्रकाश में आया है। चोरों ने कृष्ण भगवान की मूर्ती भी चोरी कर ली है।
जानकारी के अनुसार सोहागपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 32 के रहने वाले सुजीत शूरी के घर यह चोरी की वारदात हुई है। पीड़ित ने बताया कि वह परिवार के साथ 13 मार्च को उज्जैन बाबा महाकाल के दर्शन करने गया हुआ था। आज सोमवार को उन्हें वापस लौटना था। परिवार जब घर से उज्जैन गया तो एक चौकीदार को उन्होंने घर में सोने के लिए लगाया हुआ था। जो चौकीदार प्रतिदिन रात में सोता था। और सुबह अपने घर चला जाता था।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि सोमवार को चौकीदार सुबह 11:00 बजे घर में ताला लगाकर चला गया, क्योंकि उससे हमारी बात हुई थी कि हम कुछ घंटे के अंदर घर पहुंच रहे हैं। 1:00 बजे परिवार घर पहुंचा तो घर के सामने लगा लोहे के दरवाजे में ताला टूटा हुआ था, अंदर लकड़ी का दरवाजा टूटा था, परिवार जब घर के अंदर कमरे में घुसा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था, और घर के अंदर रखी अलमारी के लॉकर से सोने चांदी के जेवर एवं नगद रुपए चोरी हो चुके थे। चोरों ने घर के अंदर स्थापित भगवान कृष्ण की प्रतिमा को भी अपने साथ ले गए है। दिनदहाड़े 2 घंटे में यह चोरी की वारदात हुई। घटना की जानकारी परिवार ने सोहगापुर पुलिस को दी है। जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच पड़ताल कर रही है।
