नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर सत्तापक्ष की आपत्तिजनक टिप्पणी अनुचित है और संसद में मर्यादा की सीमाएं नहीं लांघी जानी चाहिए।
कांग्रेस महासचिव-संगठन के.सी. वेणुगोपाल की यह टिप्पणी भाजपा नेता संबित पात्रा के लोकसभा में श्री गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद आयी है। लोकसभा में कांग्रेस के सदस्यों ने इसको लेकर भारी हंगामा किया जिसके कारण अध्यक्ष ओम बिरला को सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थापित करने पड़ी। श्री पात्रा के खेद जताने के बाद ही सदन में माहौल सामान्य हो सका।
उन्होंने कहा “भाजपा सांसदों ने बार-बार संसदीय शालीनता की सीमाएँ लांघी हैं। सत्तापक्ष के लिए विपक्ष के नेता के खिलाफ व्यक्तिगत दुर्व्यवहार का सहारा लेना उनकी एक आदत सी बन गई है। यह उनका ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने का एक हताशाभरा प्रयास मात्र है। आज, लोकसभा में अध्यक्ष के समक्ष ऐसी भाषा और आचरण पर कड़ी आपत्ति जताई”
