दतिया: आज मंगलवार दोपहर दतिया में एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, इससे यह धार्मिक नगरी दहल उठी। धमाका इतना जोरदार था कि लोगों को लगा जैसे उनके घरों की छतें गिर जाएंगी। घबराए लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। सड़कों पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोगों का मानना है कि ये भूकंप का झटका हो सकता है। ये झटका मात्र कुछ मिली सेकेंड का था।
एक घर की दीवार में इसी धमाके से दरार आ गई है। कुछ लोगों को इसी समय आसमान में वायु सेना के विमान की आवाज भी सुनाई दी। रावतपुरा में इस समय वायु सेना का प्रशिक्षण चल रहा है। ग्वालियर के एयरफोर्स स्टेशन से रोजाना मिराज लड़ाकू विमान उड़ान भर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह धमाका मिराज से हो सकता है।
