न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त

नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची को उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से सोमवार को अधिसूचना जारी कर कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति बागची की पदोन्नति संबंधी घोषणा की।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी सोशल मीडिया ‘एक्स’ उनकी इस पदोन्नति की घोषणा से संबंधित जानकारी साझा की है।

न्यायमूर्ति बागची के शपथ ग्रहण के साथ ही शीर्ष अदालत के लिए स्वीकृत 34 न्यायाधीशों की संख्या के मुकाबले न्यायाधीशों की संख्या 33 हो जाएगी।

न्यायमूर्ति बागची दो अक्टूबर 2031 को सेवानिवृत्त होंगे, उससे पहले वह मई (2031) में भारत के मुख्य न्यायाधीश बन सकते हैं।

शीर्ष अदालत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना के नेतृत्व वाले न्यायमूर्ति भूषण आर गवई, न्यायमूर्ति, न्यायमूर्ति सूर्य कांत, न्यायमूर्ति अभय एस ओका और न्यायमूर्ति विक्रम नाथ के कॉलेजियम ने छह मार्च को न्यायमूर्ति बागची को पदोन्नति कर उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशपद पर नियुक्ति की सिफारिश की थी।

कॉलेजियम ने नियुक्ति की सिफारिश के लिए मूल्यांकन करते समय न्यायाधीश पद के संभावित उम्मीदवारों की योग्यता, ईमानदारी और न्यायिक क्षमता के अलावा क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और वरिष्ठता आदि पहलुओं पर भी विचार किया।

न्यायमूर्ति बागची को बतौर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, कानून के विविध क्षेत्रों में 13 वर्षों का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्हें जून 2011 में कलकत्ता उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। जनवरी 2021 में उन्हें आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय स्थानांतरित कर दिया गया और फिर नवंबर 2021 में उन्हें कलकत्ता उच्च न्यायालय में वापस भेज दिया गया।

 

 

 

Next Post

चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर इंदौर में मना जोरदार जश्न

Mon Mar 10 , 2025
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल जीत लिया। जीत के साथ ही इंदौर में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। लोग घरों से बाहर निकलकर जमकर आतिशबाजी करने लगे। छोटे-बड़े रॉकेट छोड़कर लोगों ने जश्न मनाया, जिससे पुरे इंदौर का माहौल दीपावली जैसा नजर आया। […]

You May Like