लखनऊ (वार्ता) जॉर्जिया वॉल (99 नाबाद) भले ही अपने शतक से चूक गयी हों लेकिन उनकी तूफानी पारी की बदौलत यूपी वारियर्स ने वुमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एक मुकाबले में न सिर्फ लीग के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाया बल्कि राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को ऑल आउट कर 12 रन की सनसनीखेज जीत अपने नाम कर ली।
यूपी वारियर्स ने पहले खेलते हुये पांच विकेट पर 225 रन बनाये जिसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स की पूरी टीम 19.3 ओवर में 213 रन बना कर सिमट गयी। वारियर्स के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी चैलेंजर्स ने शुरु से आक्रामक अंदाज अपनाया मगर रन रफ्तार तेज करने के प्रयास में उसके पांच शीर्ष खिलाड़ी 11 ओवर के खेल में 107 रन बना कर पवेलियन लौट गये जिससे वारियर्स की आसान जीत के कयास लगाये जाने लगे मगर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (69) ने छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से मैच में जान फूंक दी वहीं पुछल्ली स्नेह राणा ने मात्र छह गेंदों पर तीन छक्के और दो चौकों की मदद से 26 रन बना कर मैच को अपने पक्ष में करने की पुरजोर कोशिश की मगर अंतत: जीत मेजबानों के खाते में आयी।
इससे पहले प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी यूपी वारियर्स के बल्लेबाजों ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में गरज चमक के साथ बल्लेबाजी की। वॉल को अंतिम गेंद पर शतक पूरा करने के लिए दो रन चाहिए थे लेकिन वह एक ही रन बना सकीं और डब्ल्यूपीएल के इतिहास में पहला शतक आते आते रह गया।
हैं और अब स्मृति मंधाना की रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु को जीत के लिये 226 रन चेज करने होंगे जो उनके लिये एक मुश्किल चुनौती है मगर यह चुनौती डब्ल्यूपीएल में रोमांच लाने के लिये काफी है।
एक के बाद एक तीन हार से बौखलायी यूपी वारियर्स के तेवर आज बदले हुये नजर आये। ग्रेस हैरिस (39) और वॉल की जोड़ी ने पहले सात ओवर में 11 रन प्रति ओवर के हिसाब से स्कोरबोर्ड पर 77 रन लगा दिये थे। हैरिस सात चौके और एक छक्के लगाकर आक्रमक अंदाज में थी मगर वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गयी। उनके आउट होने के बावजूद यूपी की रफ्तार थमी नहीं जब नयी बल्लेबाज किरण नवगिरे ने मात्र 16 गेंदो में 46 रन ठोक दिये जिसमें उनके दो चौके और पांच गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
नवगिरे नामक तूफान का अंत जॉर्जिया वेयरहम ने किया। वेयरहम का अगला शिकार शिनेल हेनरी (19) बनी। इस बीच दूसरे छोर पर वॉल की रफ्तार पर अंकुश लगाने के चैलेंजर्स के गेंदबाज नाकाम रहे और यूपी वारियर्स अपने श्रेष्ठतम स्कोर की ओर निर्बाध रुप से बढ़ता रहा। वॉल ने अपनी 56 गेंदो की नाबाद पारी में 17 बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया और इस दौरान उन्होने एक आसमानी छक्का भी जड़ा।
