भोपाल, 07 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने आज राज्य सरकार और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन पर हमला बोलते हुए कहा कि वे घबराए हुए हैं।
श्री सिंघार ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि दस मार्च से प्रारंभ होने वाले विधानसभा सत्र के पहले ही भाजपा संगठन और सरकार घबरा गयी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि क्या भाजपा सरकार परिवहन घोटाले से घबरा गयी है या फिर नर्सिंग घाेटाला इन्हें परेशान कर रहा है।
श्री सिंघार ने उनके निजी जीवन से संबंधित सामने आयीं खबरों के परिप्रेक्ष्य में कहा कि क्या भाजपा नेताओं को हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास नहीं हैं। कोर्ट ने उन्हें चार साल पुराने मामले को लेकर “क्लीन चिट” दी है, क्या इस पर इन्हें विश्वास नहीं है। उस समय भाजपा की सरकार में श्री शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री थे और श्री नरोत्तम मिश्रा गृह मंत्री थे, जो इस केस की मॉनीटरिंग कर रहे थे, उन पर प्रश्न उठा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इससे लगता है कि भाजपा नेताओं को न्यायपालिका और अपने संगठन तथा सरकार पर भरोसा नहीं है। उन्होंने दृढ़ता के साथ कहा, “आपकी परेशानी का कारण जो भी हो, पर मुझे देश की न्याय व्यवस्था पर पूर्ण भरोसा है। मैं आदिवासी हूं, अपनी अंतिम सांस तक लड़ता रहूंगा।”
मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 10 मार्च से प्रारंभ हो रहा है। इस बीच विपक्षी दल कांग्रेस जहां सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाने में जुटी है, वहीं सत्तारूढ़ दल भाजपा के सदस्य विधानसभा में विपक्ष के हमलों का जवाब देने की तैयारी कर रही है। दूसरी ओर मीडिया में आयी खबरों के अनुसार एक महिला की यहां चार साल पहले कथित हत्या से जुड़े मामले को लेकर एक अन्य महिला उच्चतम न्यायालय पहुंची है। श्री सिंघार की कथित संलिप्तता का जिक्र भी इस याचिका में है।
